- अग्रवाल सभा रांची के एक दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य आयोजन
टीम एबीएन, रांची। 50वें अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में अग्रवाल सभा, रांची द्वारा आज स्मैश अकैडमी, कांके रोड में एक दिवसीय अग्रसेन जयंती बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में कुल 32 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दी, जिन्हें 8 टीमों में विभाजित किया गया। सभी टीमों के आॅनर्स के रूप में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्षों को नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, मंत्री निर्मल बुधिया एवं मुख्य जयंती संयोजक सज्जन कुमार पाड़िया ने भगवान गणेश एवं महाराजा अग्रसेन जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। टूर्नामेंट में कुल 12 लीग मैच, 2 सेमीफाइनल एवं 1 फाइनल मैच खेला गया। पूरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, जोश और उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में अग्रसेन रॉयल्स के खिलाड़ी रोहित सरावगी, वैभव मोदी, अंकुर अग्रवाल एवं सौरभ गोयल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम के आॅनर्स ओमप्रकाश अग्रवाल एवं अशोक कुमार नारसरिया रहे। वहीं अग्रसेन चैंपियंस ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस टीम के आॅनर्स टूर्नामेंट राज कुमार केडिया एवं श्री चंडी प्रसाद डालमिया रहे।
टूर्नामेंट के दौरान सभी खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए दिनभर खान-पान की समुचित व्यवस्था की गयी थी, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण एवं पारिवारिक बना रहा। विजेता एवं उपविजेता टीम के साथ-साथ टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को आगामी 11 अक्टूबर 2026, अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया जायेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से कार्यक्रम संयोजक रौनक झुनझुनवाला, सौरव बजाज, अमित बजाज, रोहित सरावगी, चेतन पोद्दार, निकुंज पोद्दार, सन्नी टिबड़ेवाल, अग्रवाल सभा के अशोक नारसरिया, चंडी प्रसाद डालमिया, राजकुमार केडिया, कौशल राजगढ़िया, संजय सर्राफ, अशोक लाठ, सुनील पोद्दार सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अग्रवाल सभा, रांची द्वारा आयोजित इस खेल आयोजन ने समाज के युवाओं में खेल भावना, आपसी सौहार्द एवं सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ अग्रसेन जयंती महोत्सव के उत्साह को भी नई ऊर्जा प्रदान की।