- खेलो झारखंड 3 अक्टूबर से रांची के खेलगांव में, 24 जिलों के स्कूली खिलाड़ी दिखाएंगे दम
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राज्य स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का आयोजन 3 अक्टूबर से खेलगांव, रांची के विभिन्न स्टेडियमों में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों से जिला स्तर पर चयनित अंडर-17 आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
अलग-अलग खेल के लिए अलग-अलग तिथि
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत एथलेटिक्स और हॉकी की प्रतियोगिता 3 एवं 4 अक्टूबर को होंगी। वहीं, खो-खो और कबड्डी का आयोजन 6 एवं 7 अक्टूबर को किया जाएगा। वॉलीबॉल और फुटबॉल की प्रतियोगिता 9 एवं 10 अक्टूबर को निर्धारित है।
सभी जिलों से आने वाले प्रतिभागियों को संबंधित प्रतियोगिता से एक दिन पहले रिपोर्टिंग करनी होगी। इसके अलावा पूर्व में विभिन्न कारणों से स्थगित खेल विधाओं के लिए खुली चयन प्रक्रिया भी आयोजित की जाएगी।
यह प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होगी। एथलेटिक्स के लिए चयन 1 और 2 अक्टूबर, स्केटिंग के लिए 3 अक्टूबर, साइक्लिंग के लिए 4 और 5 अक्टूबर, क्रिकेट के लिए 6 और 7 अक्टूबर, मुक्केबाजी के लिए 7 अक्टूबर व तीरंदाजी के लिए 7 और 8 अक्टूबर को चयन प्रक्रिया होगी।
सरकारी व निजी स्कूलों के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
खुली चयन प्रक्रिया में सरकारी के साथ निजी विद्यालयों के पात्र खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे. इसमें शामिल होने वाले खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया वाले दिन सुबह 7 बजे से 10 बजे के बीच पंजीयन कराना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और खुली चयन प्रक्रिया को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों, तकनीकी व्यवस्था, संचालन और खिलाड़ियों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग खेल विधाओं के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजन कराया जाएगा। राज्य के 24 जिलों से चयनित खिलाड़ियों के शामिल होने से खेलगांव में स्कूली खेल प्रतिभाओं का राज्यस्तरीय मंच तैयार होगा।