ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गणेश स्पोर्टिंग क्लब राय के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। 37वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल नौ पदक हासिल कर कोयलांचल क्षेत्र सहित राज्य का नाम रोशन किया। गणेश स्पोर्टिंग क्लब राय के खिलाड़ियों ने पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित 37वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल नौ पदक हासिल कर कोयलांचल क्षेत्र सहित राज्य का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र और झारखंड का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में सोनम कुमारी ने अंडर-20 बालिका वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। पूनम कुमारी ने 400 मीटर और 4़400 मीटर रिले में स्वर्ण, 4़100 मीटर रिले में रजत तथा 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर कुल चार पदक अपने नाम किए।
वहीं राहुल उरांव ने अंडर-20 बालक वर्ग की 1500 मीटर, 800 मीटर और 4़400 मीटर रिले दौड़ में रजत पदक हासिल किए। सीमा कुमारी ने हेप्टाथलॉन में कांस्य पदक जीता। सोनम कुमारी और राहुल उरांव राय बस्ती के,जबकि पूनम कुमारी और सीमा कुमारी बमने पंचायत के पाही बस्ती के निवासी हैं।
इन खिलाड़ियों को शुरूआती दौर में गणेश स्पोर्टिंग क्लब राय द्वारा निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गणेश स्पोर्टिंग क्लब राय के संस्थापक सह सचिव गणेश कुमार महतो और एएफआई प्री-लेवल-1 कोच किरण कुमारी ने खुशी जताते हुए बधाई दी है।