भारत ने पांचवें दिन भी जारी रखा पदक का सिलसिला, एथलेटिक्स में मिली दोहरी सफलता
मिश्रित चार गुणा 400 में मिला रजत
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने मिश्रित 400 गुणा 400 मीटर में रजत पदक जीत लिया है। पूवामा माचेतिरा, विशाल थेनारासु, वित्या रामराज और मनु थेकिनालिल की चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया और 3:14.46 मिनट का समय लिया और दूसरे स्थान रहे।
भारत एक समय पिछड़ गया था, लेकिन बाद में वापसी करते हुए पहले तीसरे स्थान पर आया और फिर आखिरकार अंतिम लैप में दूसरे स्थान पर फिनिश करने में सफल रहा। इस तरह मौजूदा एशियन गेम्स में एथलेटिक्स में यह दूसरा पदक है। इससे पहले सीमा कुमारी ने महिला 10000 मीटर में कांस्य पदक अपने नाम किया था।
भारत ने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में मिश्रित चार गुणा 400 स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 2023 हांग्झू एशियन गेम्स में रजत पदक जीता। यह लगातार तीसरी बार है जब भारत ने इस स्पर्धा में एशियाड का पदक अपने नाम किया है। भारत ने अब तक मौजूदा एशियन गेम्स में एक स्वर्ण सहित कुल 17 पदक जीते हैं।
सीमा को मिला कांस्य पदक
भारत की सीमा कुमारी ने एशियन गेम्स की महिला 10000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है। वह भारत की तीसरी महिला एथलीट हैं जिन्हें एशियाड में महिला 10000 मीटर में पदक मिला है। 16 साल बाद भारत को महिला 10000 मीटर में पदक मिला है। सीमा ने 32:50.05 मिनट में रेस खत्म की और वह तीसरे स्थान पर रहीं।
सीमा शुरुआत से ही पदक की दौड़ में बनी हुई थीं। एक समय वह चौथे स्थान पर खिसक गयी थीं, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की और सुनिश्चित किया कि कम से कम कांस्य पदक भारत की झोली में आ सके। इस तरह एथलेटिक्स में मौजूदा एशियन गेम्स में भारत को पहला पदक मिला है।