- विधायक प्रतिनिधि बोले- फुटबॉल जैसे खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं
- बैमारी में स्व शिव प्रसाद साहू मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन
- रोमांचक मुकाबले के बाद विजेता व उपविजेता टीम को खस्सी और शील्ड देकर किया गया सम्मानित
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। भंडरा प्रखंड के बैमारी गांव में आयोजित स्व. शिव प्रसाद साहू मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ हुआ। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, ग्रामीण, खिलाड़ी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि सीआरपीएफ डीआईजी रविन्द्र भगत उपस्थित रहे। इसके अलावा किस्को प्रखंड के जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार एवं अमित वर्मा समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों का आयोजन समिति की ओर से स्वागत किया गया।
फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान के चारों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और अपनी-अपनी पसंदीदा टीम का उत्साह बढ़ाते नजर आये। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के दौरान कई रोमांचक क्षण देखने को मिले।
समापन के बाद अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विजेता और उपविजेता टीम को खस्सी एवं शील्ड प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजन युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। फुटबॉल जैसे खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि गांवों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन की जरूरत है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि स्व. शिव प्रसाद साहू की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और आने वाले समय में भी इस तरह के आयोजन जारी रहने चाहिए।
विशिष्ट अतिथि सीआरपीएफ डीआईजी रविन्द्र भगत ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और संघर्ष की भावना सिखाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन के सफल समापन पर आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, दर्शकों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान पूरा बैमारी गांव खेल और उत्सव के रंग में नजर आया।