दिव्यांग क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प, खिलाड़ियों से कहा- कर्म करते जाइए, रास्ता अपने आप खुलता चला जायेगा
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (आगरा)। पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री, पूर्व सांसद, वरिष्ठ समाजसेविका एवं सुप्रीम कोर्ट की जानी-मानी अधिवक्ता मीनाक्षी लेखी ने भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम एवं भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम का संचालन करने वाली संस्था दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आॅफ इंडिया की चेयरपर्सन के रूप में नयी जिम्मेदारी संभाली है।
आगरा में आयोजित भव्य दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड समारोह के दौरान मीनाक्षी लेखी को बोर्ड की चेयरपर्सन के रूप में जिम्मेदारी सौंपे जाने की घोषणा की गयी। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन के साथ निभायेंगी तथा दिव्यांग क्रिकेट को देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
श्रीमती लेखी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने राजकुमार होते हुए भी अपने माता-पिता के आदेश का पालन किया और वनवास स्वीकार किया। जीवन में हर व्यक्ति के लिए उसका कर्म प्रधान होता है। इसलिए हमें अपने कर्म को पूरी ईमानदारी से करते रहना चाहिए, रास्ते अपने आप खुलते चले जायेंगे।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा देश के लिए गौरव का विषय है। दिव्यांग खिलाड़ियों को केवल खेल के मैदान तक सीमित न रखकर उन्हें समाज में सम्मान, अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आॅफ इंडिया के अध्यक्ष श्री मुकेश कंचन ने श्रीमती मीनाक्षी लेखी का स्वागत करते हुए कहा कि दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आॅफ इंडिया को आपके रूप में एक मां मिल गयी है। बोर्ड को एक ऐसी मां की सख्त जरूरत थी, जो अपने बच्चों को आगे बढ़ने, संघर्ष करने और कर्म करने की प्रेरणा दे सके।
हमें विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में दिव्यांग क्रिकेट नयी ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। वहीं व्हीलचेयर यूनिट के अध्यक्ष डॉ भगवान तलवारे ने बोर्ड की चेयरपर्सन के रूप में मीनाक्षी लेखी के जुड़ने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों से दिव्यांग क्रिकेट को निश्चित रूप से नयी दिशा और मजबूती मिलेगी।
दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आॅफ इंडिया द्वारा देश में दिव्यांग क्रिकेट को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में बोर्ड बहुत जल्द मुंबई में भारत, श्रीलंका और नेपाल के बीच त्रिकोणीय दिव्यांग क्रिकेट श्रृंखला आयोजित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस श्रृंखला के माध्यम से तीनों देशों के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। बोर्ड पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि मीनाक्षी लेखी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम को नयी ऊर्जा मिलेगी तथा देश के हजारों दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए नये अवसरों के द्वार खुलेंगे।
दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आॅफ इंडिया का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मान, अवसर और बेहतर मंच प्रदान करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना है। मिनाक्षी लेखी के आलावा नीरज अशोक शर्मा को सीनियर वाईस चेयरपर्सन खालिद अब्बास को चीफ आॅपरेटिंग अफसर सीओओ, नीरज शर्मा सीए को डायरेक्टर फाइनेंस तथा राजस्थान रॉयल के आईपीएल खिलाडी अजित चंदेला को डायरेक्टर टेक्निकल आॅफ बोर्ड के पदों से नवाजा गया।
आगरा में आयोजित दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड 2026 इस आयोजन में झारखंड कि दिव्यांग पारा क्रिकेट खिलाड़ी महिमा उरांव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (प्लेयर आफ द ईयर दिव्यांग वूमेन एस क्रिकेट में ) अवार्ड से सम्मानित किया गया। उक्त जानकारी दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आॅफ इंडिया के अध्यक्ष मुकेश कंचन ने दी।