टीम इंडिया नये कप्तान के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन भारत तीन साल बाद आयरलैंड का दौरा कर रही है और वो सीरीज जीतने के प्रबल दावेदार भी हैं, लेकिन जब भारत 26 जून को पहले टी20 मैच में आयरलैंड का सामना करेगा, तो सबकी नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और टीम के नये कप्तान श्रेयस अय्यर पर होगी। श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम का कप्तान बनाया गया है।
वो दिसंबर 2023 के बाद पहली बार भारत के टी-20 इंटरनेशनल सेटअप में लौट रहे हैं। सूर्यकुमार यादव से कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद, अय्यर अपनी सफल आईपीएल कप्तानी के अनुभव और हेड कोच गौतम गंभीर के साथ अच्छे तालमेल का फायदा उठाकर एक बेहद आक्रामक मिडिल आॅर्डर को संभालने की कोशिश करेंगे, जिसमें खुद अय्यर, किशन और उप-कप्तान तिलक वर्मा शामिल हैं।
वैभव पर होगी सबकी नजर
इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार कढछ 2026 सीजन और श्रीलंका के दाम्बुला में 50 ओवरों की ट्राई-सीरीज के फाइनल में इंडिया अ के लिए 29 गेंद में 94 रन बनाने के बाद, सूर्यवंशी ऐतिहासिक इंटरनेशनल डेब्यू के करीब हैं। लेकिन टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग-11 के चयन में बड़ी दुविधा पैदा हो गयी है।
सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की बेहद सफल ओपनिंग जोड़ी को तोड़ना पड़ सकता है। सैमसन को भारत की हालिया टी-20 वर्ल्ड कप जीत में प्लेयर आॅफ द टूर्नामेंट चुना गया था। इसके अलावा, ईशान किशन ने भी नंबर तीन पर शानदार प्रदर्शन किया है, जिसका मतलब है कि युवा सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका देना आसान काम नहीं है।
भारत और आयरलैंड के बीच दो टी-20 मैचों की सीरीज का पहला शुक्रवार (26 जून) बेलफास्ट में स्टॉर्मोंट के सिविल सर्विस क्रिकेट ग्राउंड में खेला जायेगा। ये मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 6 बजे शुरू होगा।
दोनों टीमों का स्क्वाड
- भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
- आयरलैंड : लॉर्कन टकर (कप्तान), रॉस अडेयर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहेनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गैविन होए, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैक्कार्थी, जय मूंड्रा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर और रूबेन विल्सन।