एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड टी-20 लीग में शुक्रवार को खेले गये रोमांचक मुकाबले में कोयलांचल सुपर किंग्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को 5 विकेट से शिकस्त दे दी। छोटानागपुर रॉयल्स द्वारा दिये गये 191 रनों के लक्ष्य को कोयलांचल सुपर किंग्स ने 19.1 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
कोयलांचल सुपर किंग्स की इस जीत में कप्तान उत्कर्ष सिंह ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभायी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज मो. नाजिम सिद्दीकी ने 19 गेंदों में 41 रनों की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान विराट सिंह ने 22 गेंदों में 36 रन बनाये।
मध्यक्रम में हिमांशु द्विवेदी ने भी 17 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया। एक समय टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाये, लेकिन निचले क्रम में चंदन कुमार महतो ने मैदान पर आते ही चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। चंदन ने महज 18 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 49 रनों की तूफानी पारी खेली।
उनकी इस पारी की बदौलत छोटानागपुर रॉयल्स ने 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 190 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कोयलांचल सुपर किंग्स की ओर से शुभम शर्मा ने 3, जबकि कप्तान उत्कर्ष सिंह, हर्ष राज और अमित कुमार ने 2-2 विकेट चटकाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स को कप्तान उत्कर्ष सिंह और शरनदीप सिंह भाटिया ने ठोस शुरुआत दिलायी।
दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 122 रनों की मजबूत साझेदारी हुई। कप्तान उत्कर्ष सिंह ने कप्तानी पारी खेलते हुए 32 गेंदों में 53 रन बनाये, जिसमें 1 चौका और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं, शरनदीप सिंह भाटिया ने 30 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 39 रनों का योगदान दिया। मध्यक्रम में शुभम शर्मा ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और मात्र 15 गेंदों में 31 रन (2 चौके, 2 छक्के) बनाकर रन गति को बनाये रखा।
अंत में लक्ष्य का पीछा करते हुए कोयलांचल ने कुछ विकेट जरूर गंवाये, लेकिन 19.1 ओवर में 192 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। छोटानागपुर रॉयल्स की तरफ से सुप्रियो चक्रवर्ती ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में 29 रन देकर 5 विकेट झटके, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके।