एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आॅफ इंडिया के तत्वावधान में हरियाणा, यमुनानगर में आयोजित टी-20 केसरी दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट इंडिया ए और इंडिया बी के बीच खेला जायेगा। आगामी 13 जून से 15 जून तक होने वाले इस राष्ट्रीय सीरीज में झारखंड के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
इंडिया ए टीम में निशांत कुमार उपाध्याय, नीरज कुमार और शौकत अली का चयन हुआ है जबकि इंडिया बी में वागीश त्रिपाठी को शामिल किया गया है। आज 11 जून 2026 को रांची से चारों खिलाड़ी रवाना हुए।
विदित हो कि रांची के निवासी निशांत कुमार उपाध्याय और वागीश त्रिपाठी भारत के लिए खेल चुके हैं। इन्होंने दुबई में आयोजित डीपीएल में भी शानदार प्रदर्शन किया था। शौकत अली नीम की अपने और राउंड प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है। राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का इनाम नीरज कुमार को मिला है और वह पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल हुए।
रांची के कोकर के रहने वाले नीरज ने कहा कि किसी की राष्ट्र स्तर के प्रतियोगिता में भाग लेना गर्व का विषय है, लेकिन इसका एक अतिरिक्त दबाव भी होता है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि अन्य राष्ट्र स्तरीय खिलाड़ियों के सान्निध्य में उनका प्रदर्शन शानदार रहेगा और वह भी राष्ट्र स्तर पर अपना स्थान बनाने में कामयाब रहेंगे।
झारखंड के चार खिलाड़ियों के चयन पर झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता, सचिव सरिता सिंहा, दिव्यांगजन क्रिकेट के प्रणेता एवं कोच मुकेश कंचन, महिला क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों सहित गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी एवं उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की।