Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

रांची टाइटंस की जीत के साथ झारखंड टी-20 लीग की शुरुआत

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
रांची टाइटंस की जीत के साथ झारखंड टी-20 लीग की शुरुआत
विज्ञापन

झारखंड टी-20 लीग का आगाज: पहले मुकाबले में रांची टाइटंस ने छोटानागपुर रॉयल्स को 5 रनों से हराया 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित झारखंड टी-20 लीग का शानदार आगाज हो गया है। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गये उद्घाटन मुकाबले में रांची टाइटंस ने छोटानागपुर रॉयल्स को एक बेहद रोमांचक मैच में 5 रनों से मात देकर टूनार्मेंट में विजयी शुरुआत की।  

इस उद्घाटन मैच और ओपनिंग सेरेमनी के दौरान भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी (एमएस धोनी) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और युवा खिलाड़ियों के उत्साह को दोगुना कर दिया। 

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी रांची टाइटंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 10 विकेट खोकर 155 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। रांची टाइटंस की ओर से मध्यक्रम में राजदीप सिंह ने कप्तानी पारी खेलते हुए 23 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से सर्वाधिक 40 रन बनाये। उनके अलावा युवराज कुमार ने 23 गेंदों में 38 रनों का अमूल्य योगदान दिया। 

छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में ऋत्विक एम पाठक ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से सनसनी मचा दी। ऋत्विक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने 4 ओवरों के स्पेल में सिर्फ 17 रन देकर 6 महत्वपूर्ण विकेट चटकाये और रांची की टीम को बड़े स्कोर पर जाने से रोका। उनके अलावा सोनू कुमार सिंह को 2 सफलताएं मिलीं। 

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 150 रन ही बना सकी और लक्ष्य से महज 5 रन दूर रह गयी। छोटानागपुर रॉयल्स की तरफ से कप्तान विराट सिंह ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 24 गेंदों में 44 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाये। 

गेंद से 6 विकेट लेने के बाद ऋत्विक एम पाठक ने बल्ले से भी दम दिखाया और अंत में 10 गेंदों में 16 रन बनाये, जबकि सोनू कुमार सिंह ने 9 गेंदों में 12 रन बनाकर मैच को रोमांचक मोड़ पर पहुंचाया, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। 

रांची टाइटंस की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए युवराज कुमार ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि कप्तान राजदीप सिंह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किये और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 44,828