Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग में कोल्हान और पलामू विजयी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग में कोल्हान और पलामू विजयी
विज्ञापन

झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग: कोल्हान डायनोमोज और पलामू वॉरियर्स ने दर्ज की जीत 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) द्वारा आयोजित झारखंड विमेंस टी20 प्रीमियर लीग के दूसरे दिन गुरुवार को खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच और शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन से भरपूर रहे। दिन के पहले मैच में कोल्हान डायनोमोज ने संथाल चैलेंजर को 53 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में पलामू वॉरियर्स ने छोटानागपुर ब्लास्टर को 3 विकेट से मात देकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। 

पहले मुकाबले में संथाल चैलेंजर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी कोल्हान डायनोमोज की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 159 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। 

टीम की बल्लेबाजों ने संयमित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल चैलेंजर की शुरूआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचती नहीं दिखी। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 106 रन ही बना सकी और उसे 53 रन से हार का सामना करना पड़ा। 

मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए कोल्हान डायनोमोज की दूर्गा मुर्मू को मोमेंट्स प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार श्रीनिवास ने प्रदान किया। वहीं संथाल चैलेंजर की अंजलि हेम्ब्रम को मोमेंट्स बेस्ट इकॉनमी बॉलर का पुरस्कार विनय बिहारी कर्ण ने दिया। कोल्हान डायनोमोज की अनांदिता किशोर को सर्वाधिक छक्के लगाने के लिए मोमेंट्स मैक्सिमम सिक्सेस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिसे शैलेन्द्र कुमार ने प्रदान किया। 

दिन के दूसरे मुकाबले में पलामू वॉरियर्स और छोटानागपुर ब्लास्टर आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पलामू वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 145 रन बनाए। टीम की बल्लेबाजों ने उपयोगी पारियां खेलते हुए प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। 

146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलामू वॉरियर्स ने दबाव के बावजूद शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने 18.4 ओवर में 7 विकेट खोकर 147 रन बना लिए और मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पलामू की बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 81,867