Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

फीफा : खिताबी जंग के लिए तैयार हैं 48 देशों के फुटबॉलर

फीफा : खिताबी जंग के लिए तैयार हैं 48 देशों के फुटबॉलर
विज्ञापन

फीफा वर्ल्ड कप 2026: चोट से जूझ रहे ये आठ स्टार खिलाड़ी, लियोनेल मेसी और नेमार जैसे दिग्गजों के नाम शामिल 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 48 देशों की रिकॉर्ड भागीदारी वाले इस मेगा टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें अपनी अंतिम तैयारियों में जुटी हुई हैं। हालांकि, कई बड़े स्टार खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है, जो उनकी टीमों की विश्व कप योजनाओं को प्रभावित कर सकती है। लगातार व्यस्त फुटबॉल कैलेंडर और चोटों की समस्या के कारण कई दिग्गज खिलाड़ी पूरी तरह फिट नहीं हैं। आइये जानते हैं उन 8 खिलाड़ियों के बारे में, जिनकी फिटनेस फीफा विश्व कप 2026 से पहले उनकी टीमों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। 

1. लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) 

इस सूची में सबसे बड़ा नाम अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी का है। इंटर मियामी के लिए हालिया मैच में उन्हें एहतियातन मैदान से बाहर बुला लिया गया था, जिसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर चर्चाएं तेज हो गयीं। 2022 विश्व कप विजेता कप्तान मेसी शानदार फॉर्म में हैं और 16 मैचों में 20 गोल योगदान दे चुके हैं। हालांकि, अर्जेंटीना टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाये हुए है। यदि मेसी पूरी तरह फिट नहीं होते हैं, तो यह अर्जेंटीना के लगातार दूसरा विश्व कप जीतने के सपने को बड़ा झटका हो सकता है। 

2. नेमार जूनियर (ब्राजील) 

ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड नेमार जूनियर की विश्व कप टीम में वापसी ने प्रशंसकों को उत्साहित किया है। नेमार 2022 विश्व कप की निराशा को पीछे छोड़कर ब्राजील को छठा विश्व कप खिताब दिलाने का सपना देख रहे हैं। हालांकि, मई 2026 में उन्हें फिर से मामूली पिंडली (काफ) की चोट लगी थी। वह समय पर वापसी कर सकते हैं, लेकिन उनकी लगातार चोटें ब्राजील के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। 

3. लामिन यामाल (स्पेन) 

स्पेन और बार्सिलोना के युवा स्टार लामिन यामाल विश्व फुटबॉल के सबसे चमकदार खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने यूईएफए यूरो 2024 में स्पेन को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभायी थी। हालांकि, बार्सिलोना के लिए खेलते हुए उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह विश्व कप के शुरुआती दो ग्रुप मुकाबले मिस कर सकते हैं। उनकी अनुपस्थिति स्पेन की खिताबी उम्मीदों को प्रभावित कर सकती है। 

4. अकरफ हकीमी (मोरक्को) 

पीएसजी के स्टार राइट-बैक अकरफ हकीमी हाल के वर्षों में क्लब और देश दोनों के लिए शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। लेकिन बायर्न म्यूनिख के खिलाफ चैंपियंस लीग मुकाबले में जांघ की मांसपेशियों में चोट लगने के बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मोरक्को की प्रारंभिक विश्व कप टीम में उनका नाम नहीं होने से अटकलों का बाजार भी गर्म है। 

5. अल्फोंसो डेविस (कनाडा) 

विश्व कप के सह-मेजबान कनाडा के कप्तान अल्फोंसो डेविस भी चोटिल हैं। बायर्न म्यूनिख के इस स्टार विंग-बैक को पीएसजी के खिलाफ यूईएफए चैंपियंस लीग मुकाबले में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, डेविस शुरूआती ग्रुप स्टेज मुकाबले मिस कर सकते हैं, जिससे कनाडा की संभावनाओं को झटका लग सकता है। 

6. क्रिस्टियन रोमेरो (अर्जेंटीना) 

अर्जेंटीना के अनुभवी डिफेंडर क्रिस्टियन रोमेरो भी चोट से जूझ रहे हैं। उन्हें हाई-ग्रेड मेडियल कोलेटरल लिगामेंट (एमसीएल) टियर हुआ है, जिसके कारण वह लगभग आठ सप्ताह तक मैदान से दूर रह सकते हैं। हालांकि, मेडिकल टीम को उम्मीद है कि वह विश्व कप तक फिट हो जायेंगे, लेकिन तैयारी की कमी के कारण शुरूआती ग्रुप मैचों में उनकी अनुपस्थिति संभव है। 

7. निको पाज (अर्जेंटीना) 

युवा मिडफील्डर निको पाज ने इस सीजन कोमो 1907 के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 मैचों में 20 गोल योगदान (गोल और असिस्ट) दिये हैं। 2024 में अर्जेंटीना के लिए पदार्पण करने वाले पाज अब कोच लियोनेल स्कालोनी की योजनाओं का अहम हिस्सा बन चुके हैं। हालांकि, घुटने में चोट लगने के कारण वह हाल ही में पार्मा के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहे। उनकी फिटनेस अर्जेंटीना के खिताब बचाने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। 

8. मेम्फिस डेपे (नीदरलैंड्स) 

नीदरलैंड्स के स्टार स्ट्राइकर मेम्फिस डेपे चोटों से लगातार परेशान रहे हैं। 2025 में कोरिंथियंस से जुड़ने के बाद वह करीब 144 दिनों तक चोट के कारण मैदान से दूर रहे। हाल ही में प्रशिक्षण में वापसी के बावजूद उन्हें पेनारोल के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहना पड़ा। डच कोच रोनाल्ड कोएमैन डेपे को टीम का सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी मानते हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस नीदरलैंड्स के अभियान के लिए बेहद अहम होगी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 30,216