एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में 01 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित 16वीं इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन हॉकी इंडिया, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा हॉकी झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार रहे। उनके साथ निदेशक खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग आसिफ इकराम, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, गुब्बारे उड़ाकर तथा हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड के झंडों का झंडोतोलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि झारखंड हॉकी की धरती रही है और इस मिट्टी ने सलीमा टेटे और निक्की प्रधान जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिये हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लें और उनसे भी बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करें।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि हॉकी इंडिया लगातार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी टीमों से खेल भावना के साथ अच्छा प्रदर्शन करने और भारत की राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए प्रयास करने की अपील की। इस दौरान खेल निदेशक आसिफ इकराम ने भी अपने विचार व्यक्त किये।