वनडे सीरीज में बुमराह-हार्दिक को आराम दे सकती है टीम इंडिया, जानें वजह
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट एक अहम रणनीतिक फैसला ले सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी 2026 से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और आॅलराउंडर हार्दिक पंड्या को आराम दे सकता है।
शुरुआती जनवरी में घोषित होगी वनडे टीम
कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बुमराह और पंड्या को भारत की वनडे टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। चयनकर्ता जनवरी की शुरुआत में अंतिम वनडे स्क्वॉड की घोषणा कर सकते हैं। यह फैसला बीसीसीआई की फिटनेस, वर्कलोड मैनेजमेंट और आगामी बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी पर केंद्रित नीति के अनुरूप माना जा रहा है।
वनडे के बाद तुरंत टी-20 सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबले बड़ौदा, राजकोट और इंदौर में खेले जायेंगे। इसके तुरंत बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेंगी, जिसे फरवरी 2026 में होने वाले आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
टी-20 सीरीज के लिए टीम से जुड़ सकते हैं बुमराह-पंड्या
बुमराह और हार्दिक पंड्या, जो भारत की टी-20 टीम के अहम स्तंभ हैं, से उम्मीद है कि वे वनडे सीरीज के बाद टी-20 चरण में भारतीय टीम से जुड़ेंगे।
बुमराह और हार्दिक को आराम देने के पीछे की वजहें : वर्कलोड मैनेजमेंट
टीम मैनेजमेंट की प्राथमिकता टी-20 फॉर्मेट और अगले महीने होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप पर है। ऐसे में वनडे सीरीज में प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देकर उन्हें फिट और चोट-मुक्त रखने की योजना है।
साथ ही बुमराह और पंड्या भारत की टी-20 योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। वनडे से उन्हें आराम देने से चयनकर्ताओं को टी-20क सीरीज से पहले संयोजन और खिलाड़ियों के वर्कलोड को बेहतर तरीके से मैनेज करने का मौका मिलेगा।