पुलिस ने कार्यक्रम के मुख्य आयोजक को किया गिरफ्तार
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के कार्यक्रम में नाराज फैंस ने जमकर तोड़फोड़ मचा दी। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फैंस की नाराजगी इस कदर हावी थी, उन्होंने पूरे स्टेडियम को तहस-नहस कर लिया। इस बीच कोलकाला पुलिस ने पहली कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शतद्रु दत्त को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रसिद्ध फुटबॉलर मेसी के इवेंट में हुई अफरा-तफरी को लेकर कानून व्यवस्था के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) जावेद शमीम ने कहा कि अब स्थिति सामान्य है। दूसरा चरण जांच का है। एफआईआर दर्ज कर ली गयी है और मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आयोजक वादा कर रहे हैं कि वे (टिकट शुल्क प्रशंसकों को) वापस कर देंगे। देखते हैं यह कैसे संभव होता है।
घटना सॉल्ट लेक स्टेडियम तक ही सीमित रही: पुलिस
जावेद शमीम ने आगे कहा कि शांति तत्काल बहाल करनी होगी। इसका ध्यान रखा गया है। यातायात सामान्य है। सभी लोग अपने-अपने घर लौट चुके हैं। घटना सॉल्ट लेक स्टेडियम तक ही सीमित है। यह एक बड़ी घटना है। हम इस मामले में सक्रिय हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि सॉल्ट लेक स्टेडियम में आज जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे दंडित किया जाए और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ हर तरह की कार्रवाई की जाये।
घटना की जांच के लिए समिति की गठित
पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि जो भी इस अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार पाया जायेगा, उसे बख्शा नहीं जायेगा। साथ ही उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि जिन दर्शकों ने टिकट खरीदे हैं, उन्हें उनकी पूरी राशि वापस मिलनी चाहिए।
डीजीपी ने कहा कि प्रशंसकों में किसी तरह का गुस्सा या बेचैनी थी, क्योंकि उन्हें लग रहा था कि मेसी खेलने नहीं आ रहे हैं। जबकि कार्यक्रम की योजना यह थी कि वे यहां आयेंगे, दर्शकों का अभिवादन करेंगे, कुछ विशिष्ट लोगों से मिलेंगे और फिर चले जायेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने घटना के तुरंत बाद एक जांच कमेटी बना दी है जो सभी पहलुओं को देखेगी। डीजीपी ने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी और किसी को बख्शा नहीं जायेगा।