टी-20 से पहले आया श्रेयस अय्यर की इंजरी पर अपडेट
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर की इंजरी पर बड़ा अपडेट आया है। आस्ट्रेलिया दौरे पर आखिरी वनडे में अय्यर के पेट में चोट लगी थी। ताजा जानकारी के अनुसार अय्यर जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से भी बाहर हो गये हैं। हालांकि पंजाब किंग्स राहत की सांस ले सकती है क्योंकि रिपोर्ट में संभावना जतायी गयी है कि वह आईपीएल 2026 से पहले फिट हो सकते हैं।
श्रेयस अय्यर ने पहले भी गंभीर चोटों के बाद शानदार वापसी की है। अय्यर जब कंधे दर्द के बाद लौटे तो टेस्ट डेब्यू में शतक लगाया, पीठ की सर्जरी के बाद फिट होकर लौटे अय्यर ने ओडीआई वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन किया।
अय्यर स्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में फील्डिंग करते हुए चोटिल हुए थे। पसलियों के नीचे (तिल्ली में) इंटरनल ब्लीडिंग का पता चलने के बाद उन्हें सिडनी के अस्पताल में भर्ती किया गया था। अभी वह मुंबई में हैं और उनका अगला अल्ट्रासाउंड इसी सप्ताह में होना है।
श्रेयस अय्यर की चोट पर अपडेट
रिपोर्ट के अनुसार, अय्यर का अगला अल्ट्रासाउंड स्कैन इसी हफ्ते होना है। यह एक महत्वपूर्ण जांच होगी जो उनकी रिकवरी के अगले चरण को तय करेगी। स्कैन की समीक्षा टॉप स्पेशलिस्ट डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला करेंगे, जो इस मामले की देखरेख कर रहे हैं।
ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और कई अन्य स्टार क्रिकेटरों की चोटों के समय उनकी देखरेख भी डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला ने की थी। अगर मेडिकल क्लीयरेंस मिल जाता है, तो अय्यर इसके तुरंत बाद बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर आफ एक्सीलेंस में जाकर स्ट्रक्चर्ड रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे।
श्रेयस अय्यर अभी सिर्फ रोजाना की सामान्य गतिविधियां और बेसिक आइसोमेट्रिक एक्सरसाइज कर सकते हैं। ऐसी गतिविधि जिससे पेट के अंदर दबाव बढ़े, अय्यर को करने से मना किया गया है।
स्कैन के अगले राउंड के बाद ही उन्हें क्रिकेट से जुड़े कौशल जैसे बल्लेबाजी, फील्डिंग और स्ट्रेंथ वर्क फिर से शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। शुरूआती अनुमानों में कहा गया था कि अय्यर 2 महीनों में ठीक हो जायेंगे, लेकिन चोट की गंभीरता को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है।