- वापस मोटा हो जाऊंगा, रोहित शर्मा ने केक खाने से किया मना; फिटनेस पर दे रहे ध्यान
- रोहित शर्मा मैदान के अंदर और बाहर अपने मजाकिया अंदाज के लिए प्रसिद्ध हैं और ऐसा ही कुछ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद देखने मिला। रोहित अपनी फिटनेस को लेकर भी काफी सजग हो रहे हैं और उन्होंने इस कारण केक खाने से भी मना कर दिया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अपनी फिटनेस पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। रोहित भारत के लिए अब सिर्फ वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं क्योंकि उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट से संन्यास ले लिया है। रोहित ने जब से टेस्ट क्रिकेट खेलना छोड़ा है, उन्होंने फिटनेस को लेकर सतर्कता बरती है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि रोहित अब तक 10 किलो वजन घटा चुके हैं। रोहित अपनी फिटनेस को लेकर कितने गंभीर हैं इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में जीत के बाद उन्होंने केक खाने से भी मना कर दिया।
यशस्वी ने काटा केक
दरअसल, विशाखापत्तनम वनडे में भारत को मिली जीत के बाद जब टीम के सदस्य होटल पहुंचे तो वहां जीत का जश्न मनाने के लिए केक का इंतेजाम किया गया था। कोहली ने यशस्वी जायसवाल को केक काटने कहा। यशस्वी ने तीसरे वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया था।
यशस्वी ने केक काटने के बाद कोहली को खिलाया जिसके बाद वह केक खिलाने रोहित की तरफ बढ़े। रोहित ने हंसकर मना किया और बोले- नहीं यार, वापस मोटा हो जाऊंगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।