रांची में भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे से पहले जोश चरम पर, दोनों टीमों ने बनाया जमकर पसीना
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को होने वाले पहले वनडे मैच को लेकर पूरे शहर में उत्साह चरम पर है। वहीं दोनों टीमें रांची पहुंच चुकी हैं और मैच से पहले मैदान पर जमकर पसीना बहा रही हैं। जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास सत्र में आज भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी टीमों ने जेएससीए स्टेडियम में हिस्सा लिया।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 30 नवंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद अब फोकस सीमित ओवर के मुकाबलों पर होगा। टेस्ट टीम के बाद दोनों टीमों की वनडे स्क्वाड पहले ही घोषित की जा चुकी है।
इस सीरीज में सबसे ज्यादा निगाहें टीम इंडिया के दो दिग्गजों विराट कोहली और रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं। दोनों ही खिलाड़ियों ने हाल की आस्ट्रेलिया सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन अब घरेलू परिस्थितियों में उनसे और अधिक उम्मीदें हैं। खास बात यह है कि कोहली के पास इस सीरीज में दो बड़े रिकॉर्ड तोड़ने का भी शानदार मौका होगा।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोहली का दमदार वनडे रिकॉर्ड
विराट कोहली ने हमेशा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया है। अब तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 31 वनडे मैच में 1504 रन और 65.39 का औसत के साथ जबरदस्त आंकड़े दर्ज किये हैं।
इस लिस्ट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर (2001 रन) हैं, जबकि कोहली दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। कोहली के पास आने वाले समय में सचिन के रिकॉर्ड के और करीब पहुंचने का सुनहरा मौका है।