आईसीसी टी-20 विश्व कप की सात फरवरी से होगी शुरुआत, भारत-पाकिस्तान एक ग्रुप में
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अगले साल होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप का कार्यक्रम मंगलवार को घोषित हो गया है। 20 टीमों के बीच खेले जाने वाले इस वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका करेंगे। भारत इस टूर्नामेंट में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगा। भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। यह इस टूर्नामेंट का 10वां संस्करण है। टी-20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से होगी।
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 का कार्यक्रम दिग्गजों की उपस्थिति में जारी किया गया। इस कार्यक्रम में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, 2024 में अपनी कप्तानी में टी-20 विश्व कप दिलाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, मौजूदा भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मनहास, सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला शामिल रहे।
आठ स्थलों पर होंगे मैच
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने बताया कि टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले भारत और श्रीलंका के आठ स्थलों पर आयोजित होंगे। भारत में कुल पांच स्थानों पर मैच खेलें जायेंगे, जबकि श्रीलंका के तीन स्थलों पर इस वैश्विक टूर्नामेंट के मैच आयोजित होंगे।
भारत में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद इस टूर्नामेंट के मैचों की मेजबानी करेंगे। वहीं, कोलंबो का आर प्रेमादासा और एस स्पोर्ट्स क्लब में मैच होंगे, जबकि कैंडी का पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम भी मैच की मेजबानी करेगा।
चार ग्रुप में बंटी टीमें
भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में शामिल हैं। भारत के अलावा ग्रुप ए में पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया की टीम है। ग्रुप बी में आस्ट्रेलिया, सह-मेजबान श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान हैं। ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल और इटली मौजूद हैं। वहीं, ग्रुप डी में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई की टीम है।