Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

भारत के हाथ से खिसकता जा रहा दक्षिण अफ्रीका से टेस्ट सीरीज

भारत के हाथ से खिसकता जा रहा दक्षिण अफ्रीका से टेस्ट सीरीज
विज्ञापन

भारत पर मंडराया सीरीज गंवाने का खतरा, गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी भी फ्लॉप; द.अफ्रीका को बड़ी बढ़त 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज गंवाने का खतरा बढ़ गया है। भारतीय टीम का प्रदर्शन गुवाहाटी टेस्ट में गेंदबाजी के बाद बल्ले से भी खराब रहा जिस कारण दक्षिण अफ्रीका ने मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी में 489 रनों के जवाब में भारत की पहली पारी तीसरे दिन 201 रनों पर सिमटी। 

दिन के खेल की समाप्ति तक दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 314 रन की हो गयी है। स्टंप्स के समय रेयान रिकेल्टन 13 और एडेन मार्करम 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।  

दक्षिण अफ्रीका ने नहीं दिया फॉलोआन 

भारत को केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने अच्छी शुरुआत दिलायी थी, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गयी। भारत पहले ही दो मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे चल रहा है और उस पर सीरीज गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम फॉलोआन तक नहीं बचा सकी। उसे 289 रन बनाने थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने भारत को फॉलोआन नहीं खिलाने का और फिर से बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह पहली पारी में 288 रनों की बढ़त ली। भारत को पहली पारी में आलआउट करने के बाद मार्करम और रिकेल्टन ने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत दिलायी है। भारतीय गेंदबाजों को अब तक एक भी सफलता नहीं मिली। भारत इस स्थिति में अब कम से कम मैच ड्रॉ कराने की सोचेगा, लेकिन सीरीज बचाने के लिए उसके पास एकमात्र विकल्प जीत ही है। 

भारत की पारी 

भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाये, जबकि सुंदर ने 48 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चला। केएल राहुल 22 रन, साई सुदर्शन 15 रन, कप्तान ऋषभ पंत सात रन, रवींद्र जडेजा छह रन और नीतीश रेड्डी 10 रन बनाकर आउट हुए। 95 पर एक विकेट के बाद 122 रन तक आते आते भारत ने सात विकेट गंवा दिये। 

ध्रुव जुरेल खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद सुंदर ने कुलदीप यादव के साथ 72 रन की साझेदारी निभायी। सुंदर के आउट होते ही टीम 201 रन पर सिमट गयी। कुलदीप 19 रन और बुमराह पांच रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से यानसेन ने छह विकेट लिये, जबकि साइमन हार्मर को तीन विकेट मिले। केशव महाराज ने एक विकेट लिया।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 10,645