टीम एबीएन, रांची। रविवार को झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के संरक्षक एवं रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा ने कजाखिस्तान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में तीन पदक (स्वर्ण पदक 1 रजत पदक 1 कांस्य पदक 1) जीतकर लौटे खिलाड़ियों तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मौके पर अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय दोनों स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का पूरा वातावरण गर्व, उत्साह और खेल भावना से भरा रहा। सम्मान समारोह के दौरान डॉ अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का उज्ज्वल प्रदर्शन कर रहे हैं। इन पदक विजेताओं ने राज्य का गौरव बढ़ाया है।
जिम्नास्टिक में झारखंड की संभावनाएं अत्यंत उज्ज्वल हैं और हम खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ सुविधा व मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र संगठन के पूर्व डायरेक्टर हनी सिन्हा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि इन जिम्नास्ट खिलाड़ियों की उपलब्धियां झारखंड की युवा शक्ति के अनुशासन और समर्पण का प्रतीक हैं। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर इनकी सफलता पूरे राज्य के लिए प्रेरणा है। मैं इनके उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
तूलिका श्रीवास्तव ने कहा कि खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां जिम्नास्टिक खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होंगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी। मौके पर झारखंड जिम्नास्टिक संघ के डॉ निशिकांत पाठक, तूलिका श्रीवास्तव, डॉ दीपक साहू, दीप कुमारी मांझी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सम्मानित खिलाड़ी : अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता
विकास कुमार गोप, अमित गोप,अनुराग कुमार, टोनू गोपाल, सूरज कुमार केशरी, आकाश कुमार महतो, कुमारी ऋष्टि राज, चंदा कुमारी
राष्ट्रीय पदक विजेता
निधि कुमारी, प्रिया यादव, परमेश्वर राय, चाहत कुमार केरकेट्टा, नयन कछप, आयुष लोहरा, हेमा कुमारी, दीपिका लामा, श्रेयांश चक्रबर्ती, दिवास ज्ञान, तुलीन तिवारी