एबीएन डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग का 15वां सीजन इस साल अप्रैल-मई में होना है। उससे पहले फरवरी में बड़ी नीलामी का आयोजन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड करने वाली है। आईपीएल की बात जब भी होती है तो लोगों को दिमाग में सबसे पहले पैसा आता है। क्रिकेट प्रेमी हमेशा यह जानना चाहते हैं कि किस खिलाड़ी को कितने पैसे मिले, कौन सबसे महंगा महंगा खिलाड़ी है और आईपीएल की प्राइज मनी कितनी है। आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया भर में टी20 लीग जीतने वाली टीम को प्राइज मनी के रूप में सबसे बड़ी रकम आईपीएल में ही दी जाती है।
अकेले आईपीएल में दुनिया की टॉप-5 टी20 लीग के बराबर इनामी राशि दी जाती है। आईपीएल की विजेता टीम को कैरेबियन प्रीमियर लीग, बांग्लादेश प्रीमियर लीग, पाकिस्तान सुपर लीग, बिग बैश लीग और द हंड्रेड लीग के विजेता को मिलने वाली कुल राशि के बराबर दी जाती है। 2021 में आईपीएल जीतने वाली टीम चेन्नई सुपरकिंग्स को 20 करोड़ रुपये इनाम के तौर पर दी गई थी।
अब बात अगर अन्य लीगों की करें तो कैरेबियन प्रीमियर लीग इस मामले में दूसरे स्थान पर है। उसके चैंपियन को पिछली बार 7.5 करोड़ रुपये मिले थे। बांग्लादेश प्रीमियर लीग जीतने वाली टीम को 6.34 करोड़ रुपये दिए गए थे। पाकिस्तान की पाकिस्तान सुपर लीग तो उससे भी नीचे है। पिछले साल पाकिस्तान सुपर लीग को जीतने वाली टीम मुल्तान सुल्तांस को 3.73 करोड़ रुपये मिले थे।
पहली बार खिताब जीतने वाली टीम को मिले थे 4.8 करोड़ रुपये
आईपीएल का आयोजन पहली बार 2008 में हुआ था। शेन वॉर्न की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम चैंपियन बनी थी। उसने फाइनल में महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स को हराया था। शेन वॉर्न की टीम को चैंपियन बनने पर उस समय 4.8 करोड़ रुपये मिले थे। अब यह राशि करीब चार गुना बढ़ चुकी है। अब चैंपियन बनने वाली टीम को 20 करोड़ रुपये दी जाती है। हो सकता है कि अगली बार 2022 में बीसीसीआई इसे बढ़ा दे।
इस बार आईपीएल में होंगे बड़े बदलाव
आईपीएल 2022 में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। 2011 के बाद पहली बार लीग में 10 टीमें खेलती दिखाई देंगी। लखनऊ और अहमदाबाद की टीम को शामिल किया गया है। लखनऊ को आरपीएसजी ग्रुप और अहमदाबाद की टीम सीवीसी कैपिटल ने खरीदा है। इस बार नीलामी में आरटीएम कार्ड का इस्तेमाल नहीं होगा। आईपीएल की घर वापसी होगी। 2020 सीजन पूरी तरह यूएई में और 2021 का दूसरा चरण यूएई में हुआ था। इस बार भारत में टूर्नामेंट होगा। स्टेडियम में दर्शकों की उपस्थिति पर बाद में विचार किया जाएगा।