एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार श्रेयस अय्यर चोट के चलते ऑस्ट्रेलिया में अपना इलाज करवा रहे हैं। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एलेक्स कैरी का कैच पकड़ने के चलते अय्यर गिर गए थे। इस हादसे में उनकी स्पिलिन में चोट आ गई थी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अब श्रेयस अय्यर को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई हैं। उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है। बीसीसीआई ने अय्यर पर एक बड़ा अपडेट शेयर किया है। श्रेयस अय्यर 25 अक्टूबर से ही हॉस्पिटल में भर्ती थे। मैच के दौरान ही चोट की गंभीरता का पता चल गया और तुरंत मेडिकल टीम ने उन्हें हॉस्पिटल ले जाने का फैसला किया था। शुरुआत में उन्हें ICU में भी रखा गया था। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के साथ मिलकर श्रेयस का इलाज किया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वह तेजी से रिकवर हो रहे हैं।
बीसीसीआई ने अय्यर पर अपडेट शेयर करते हुए बताया, श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर 2025 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में फील्डिंग करते समय पेट में गंभीर चोट लग गई थी, जिससे उनकी स्पिलिन में चोट लग गई और इंटरनल ब्लीडिंग होने लगी। चोट की तुरंत पहचान कर ली गई और एक मामूली ऑपरेशन के बाद ब्लीडिंग तुरंत बंद कर दी गई। इसके लिए उनका उचित चिकित्सा उपचार किया गया है। अब उनकी हालत स्थिर है और वह अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम, सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के साथ, उनके स्वास्थ्य में सुधार से खुश है और आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।