एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दक्षिण अफ्रीका ने जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत को सात विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने 240 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे दक्षिण अफ्रीकी टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम ने वांडरर्स में इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस मैदान पर अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इसस पहले टीम ने 2005-06 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 217 रन चेज किए थे।भारत ने पहली पारी में 202 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 229 रन बनाए। भारत ने दूसरी पारी में 266 रन बनाए और इस तरह दक्षिण अफ्रीका के सामने 240 रन का लक्ष्य रखा। कप्तान डीन एल्गर ने नाबाद 96 रन की जबरदस्त पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। इसके अलावा डुसेन ने 40 रन बनाए। इसी के साथ जोहानिसबर्ग में भारत के टेस्ट में अजेय रहने का सिलसिला टूट चुका है। भारतीय टीम ने इस मैदान में छह टेस्ट खेले हैं, जिसमें उसे सिर्फ एक मैच में हार मिली है। टीम ने दो टेस्ट जीते हैं और तीन मैच ड्रॉ रहा है। वहीं, मेजबान दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड इस मैदान पर औसत रहा है। उसने यहां 43 टेस्ट मैच खेले हैं, जहां उसे 19 में जीत मिली है। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर जोहानिसबर्ग में अफ्रीकी टीम ने भारत के खिलाफ पहली जीत दर्ज की। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है। केप टाउन में आखिरी टेस्ट खेला जाएगा।