375/400 अंकों के शानदार स्कोर के साथ राइफल शूटिंग में किया नेशनल क्वालिफाई
टीम एबीएन, रांची। चतरा राइफल क्लब के उभरते हुए खिलाड़ी यश राज ने अपनी बेहतरीन निशानेबाजी से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने 375/400 अंक बनाकर राइफल शूटर वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया और नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया।
यश राज की यह उपलब्धि उनके अनुशासन, निरंतर मेहनत और सटीक निशाने का परिणाम है। क्लब के कोच नीतीश कुमार के निर्देशन में उन्होंने कम समय में अपनी क्षमता को साबित किया है।
कोच नीतीश कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि यश राज ने बहुत मेहनत और लगन के साथ यह मुकाम हासिल किया है। उनका 375/400 का स्कोर इस बात का प्रमाण है कि वह नेशनल स्तर पर भी पदक जीतने की क्षमता रखते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वह झारखंड और चतरा राइफल क्लब का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि से चतरा राइफल क्लब में उत्साह का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों और अभिभावकों का मानना है कि यश राज भविष्य में झारखंड के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी उपलब्धियां ला सकते हैं।