टीम एबीएन, रांची। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा फिट इंडिया मिशन के आह्वान पर भारतीय जिम्नास्टिक महासंघ के निर्देश पर आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 को झारखंड जिम्नास्टिक संघ पूरे राज्य में विविध आयोजनों के साथ मनायेगा। यह विशेष उत्सव 29 से 31 अगस्त 2025 तक चलेगा और इसका प्रमुख संदेश रहेगा। हर गली हर मैदान, खेले सारा हिंदुस्तान।
विदित हो कि राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतिवर्ष 29 अगस्त को हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। यह दिवस न केवल भारत की गौरवशाली खेल परंपरा का उत्सव है बल्कि यह उन खिलाड़ियों को भी श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। इस वर्ष का राष्ट्रीय खेल दिवस भारत की ओलंपिक भावना तथा खेलों के मूल्यों : उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान को समर्पित है।
- झारखंड जिम्नास्टिक संघ इस अवसर पर राज्यभर में निम्नलिखित गतिविधियों का आयोजन करेगा।
- सभी आयु वर्गों के लिए मनोरंजक और प्रतिस्पर्धात्मक जिम्नास्टिक एवं खेल प्रतियोगिताएं
- एनएसडी 2025 से पूर्व प्रचार-प्रसार अभियान ताकि अधिक से अधिक युवा और बच्चे इससे जुड़ सकें।
- झारखंड के पूर्व राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आमंत्रित कर खेल प्रेमियों को प्रेरित करना।
- 31 अगस्त 2025 को संडे और साइकिल कार्यक्रम के तहत फिटनेस और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना।
- इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक संघ के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे खिलाड़ियों की निष्ठा और संघर्ष को सम्मानित करने का दिन है। हर गली हर मैदान अभियान के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि खेल केवल मैदान तक सीमित न रहें बल्कि हर परिवार और हर समाज में जीवन शैली का हिस्सा बनें।
संघ ने सभी जिला इकाइयों, विद्यालयों और युवा खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें और इस अवसर को राज्य में खेलों के प्रसार और लोकप्रियता का पर्व बनायें।
राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 झारखंड के लिए भी एक अवसर है : खेल भावना को और गहराई से आत्मसात करने का तथा एक स्वस्थ, सक्रिय और प्रेरणादायी समाज के निर्माण में योगदान देने का। उक्त जानकारी झारखंड जिम्नास्टिक संघ के कार्यालय सचिव ने दी।