एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज लीड्स में दोपहर 3.30 बजे (भारतीय समयनुसार) से खेला जाएगा। नया कप्तान, दृढ़ निश्चयी कोच, कुछ पुराने और कुछ नए चेहरे अगले 45 दिनों में एक दिलचस्प कहानी गढ़ने के लिए प्रतिबद्ध होंगे।
भारत अभी तक इंग्लैंड में केवल तीन बार टेस्ट श्रृंखला जीत पाया है। उसने 1971 में अजीत वाडेकर, 1986 में कपिल देव और 2007 में राहुल द्रविड़ की अगुवाई में यह उपलब्धि हासिल की थी।
अब शुभमन गिल इस सूची में अपना नाम लिखवाने के लिए बेताब होंगे। लेकिन यह इतना आसान नहीं होगा क्योंकि विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने के कारण भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। इससे वह अनुभव के मामले में थोड़ा कमजोर नजर आती है।
हेड टू हेड
- कुल मैच - 136
- भारत - 35 जीत
- इंग्लैंड - 51 जीत
- ड्रॉ - 50
पिच रिपोर्ट
ऐतिहासिक रूप से, हेडिंग्ले में मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। पिछले छह टेस्ट मैचों में यहां पहली पारी का औसत स्कोर सिर्फ 213 रहा है, जिससे शुरुआती विकेट जल्दी गिरने की संभावना है। पिच के खराब होने पर स्पिनरों को खेलने का मौका मिल सकता है।