एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर अचानक भारत लौट आए हैं। उन्होंने पारिवारिक आपातकाल को वजह बताया है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को इसकी जानकारी दी है। सूत्र ने बताया कि गंभीर को अपनी मां की देखभाल के लिए वापस लौटना पड़ा, जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण नई दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टेस्ट टीम 20 जून से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड में है। सूत्र ने बताया, गंभीर पारिवारिक आपात स्थिति के कारण वापस (भारत) चले गये हैं। गंभीर की अनुपस्थिति में सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे शुक्रवार से भारत और भारत ए के बीच शुरू होने वाले चार दिवसीय इंट्रा-स्क्वाड मैच के दौरान टीम की देखरेख करेंगे।
उन्हें गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक जैसे अन्य कोचिंग स्टाफ से सहायता मिलेगी। अगर उनके घर पर सब कुछ ठीक रहा तो गंभीर के एक सप्ताह के भीतर इंग्लैंड लौटने की उम्मीद है।