एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स के बीच मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। इस मैच के लिए क्रिकेट प्रशंसकों में गजब का उत्साह है और लोग अलग-अलग शहरों से अहमदाबाद पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
आरसीबी और पंजाब ने अब तक कभी भी आईपीएल का खिताब नहीं जीता है और दोनों टीमें खिताबी सूखा समाप्त करने उतरेंगी। आरसीबी ने क्वालिफायर-1 मुकाबले में पंजाब को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि पंजाब ने क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था। पंजाब की टीम 2014 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंची है।
पंजाब की तरह ही आरसीबी ने भी अब तक कभी आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। ऐसे में यह तय है कि आईपीएल को इस बार नया चैंपियन मिलेगा। आरसीबी की टीम इससे पहले तीन बार फाइनल में पहुंची है, लेकिन तीनों बार उसे हार मिली है। पंजाब को 2014 में फाइनल में केकेआर ने हराया था।