रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, इमोशनल पोस्ट के साथ खत्म कहा अलविदा
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रोहित शर्मा ने 2013 में टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था और 2019 में वो टीम इंडिया के ओपनर बने थे, जिसके बाद से ही वो टीम में पमार्नेंट जगह बनाने में सफल रहे थे। 2022 में उन्हें टेस्ट टीम की कमान मिली थी। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया के दिग्गज ओपनर और दो फॉर्मेट में कप्तान रहे रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है।
हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित ने बुधवार 7 मई को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लंबे फॉर्मेट के क्रिकेट को अलविदा कह दिया। रोहित के संन्यास की खबर ठीक उस वक्त पर आयी, जब सेलेक्शन कमेटी ने उन्हें टेस्ट टीम की कप्तानी से हटाने का फैसला कर लिया था और साथ ही इंग्लैंड दौरे पर टीम में जगह मिलने की संभावना भी नजर नहीं आ रही थी।
संन्यास पर क्या बोले रोहित शर्मा
रोहित ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने अपनी 280 नंबर की टेस्ट कैप की फोटो पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने संन्यास के ऐलान की जानकारी दी। रोहित ने अपनी पोस्ट में लिखा, मैं आप सबको ये बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं।
सफेद (कपड़ों) में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। इतने सालों तक अपना प्यार और समर्थन देने के लिए धन्यवाद। टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित ने हालांकि ये साफ कर दिया कि वो फिलहाल वनडे फॉर्मेट में खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा, मैं डऊक फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करता रहूंगा।