एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मंगलवार को जारी हुई विजडन क्रिकेटर्स अल्मनैक 2024 की ताजा संस्करण में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को दुनिया का अग्रणी पुरुष क्रिकेटर नामित किया गया है। बुमराह 2024 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए टेस्ट इतिहास में पहले ऐसे गेंदबाज बने, जिन्होंने 200 विकेट 20 से कम की औसत से लिए। बुमराह के साथ ही स्मृति मंधाना को अग्रणी महिला क्रिकेटर के रूप में नामित किया गया है।
उन्होंने साल 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। बुमराह ने आॅस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान शानदार गेंदबाजी की और 13.06 की औसत से 32 विकेट लेकर लगभग अकेले दम पर भारत के गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की।
2024 में उन्होंने कुल 21 मैचों में 86 विकेट 13 की औसत से लिए। इसके अलावा, उन्होंने जून में कैरेबियाई द्वीपों में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत को जीत दिलाने में भी अहम भूमिका निभायी। हालांकि, इस शानदार साल के बाद पीठ की चोट के चलते वह चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की ऐतिहासिक जीत का हिस्सा नहीं बन पाये।
मार्च 2023 में उनकी पीठ की सर्जरी हुई थी और तब से उन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। आईपीएल 2025 के जरिए उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की है। वहीं भारत की ओपनर बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भी इतिहास रचते हुए दुनिया की अग्रणी महिला क्रिकेटर का खिताब हासिल किया।
2024 में मंधाना ने सभी फॉर्मेट में कुल 1659 रन बनाये, जो महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन हैं। उन्होंने चार एकदिवसीय शतक जड़े और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जून में 149 रन की टेस्ट पारी खेलकर अपना दूसरा टेस्ट शतक भी पूरा किया।