एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ग्रुप-ए का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया। रावलपिंडी में बारिश की वजह से टॉस तक नहीं हो सका। इसी के साथ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में मेजबान पाकिस्तान के सफर का बुरा अंत हुआ है। टीम तीन में से एक भी मैच नहीं जीत पायी। मैच रद्द होने की वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक तो मिला, लेकिन रिजवान की टीम ग्रुप-ए में आखिरी स्थान पर रही।
बांग्लादेश ने उनसे ऊपर तीसरे स्थान पर रहते हुए सफर का अंत किया। ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। बांग्लादेश की टीम तीन मैचों में दो हार और एक बेनतीजा मैच के साथ एक अंक और -0.44 नेट रन रेट लेकर तीसरे स्थान पर रही। वहीं, पाकिस्तान की टीम -1.09 नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर रही।
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि बांग्लादेश को भी इन्हीं दोनों टीमों के खिलाफ शिकस्त मिली। ग्रुप-ए का आखिरी मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मार्च को खेला जायेगा। इस मैच को जीतने वाली टीम ग्रुप-ए में शीर्ष पर रहकर लीग राउंड को खत्म करेगी। पाकिस्तान ने अपना पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
इस मैच में कीवियों ने मेजबानों के खिलाफ 320 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसमें विल यंग और कप्तान टॉम लाथम ने शतक जड़े। दूसरे मैच में पाकिस्तान का सामना भारत से हुआ जिसमें टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। बाबर आजम और इमाम उल हक ने टीम को अच्छी शुरुआत भी दिलायी, लेकिन पाकिस्तान इसका फायदा उठाने में असफल रहा।
भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 241 रन के स्कोर पर ही रोका और लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने सामने मोर्चा संभाला और 43.2 ओवर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यूं तो पाकिस्तान की उम्मीदें दो मैच हारने के साथ ही खत्म हो गयी थी, लेकिन उसकी संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त न्यूजीलैंड की बांग्लादेश पर जीत ने कर दिया।
बारिश ने डाला खलल
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच आज रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में मैच खेला जाना था। लेकिन, चैंपियंस ट्रॉफी का यह मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया है। इस मैच के लिए टॉस भारतीय समयानुसार 2 बजे होने था। लेकिन, 4 बजे तक भी लगातार बारिश होती रही। इसके बाद मैच रेफरी और अंपायरों ने इस मैच को रद्द करने का फैसला किया और दोनों टीमों को 1-1 अंक बांटा गया।