पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले विराट कोहली को मिला गुरुमंत्र, दिग्गज ने दी गजब की सलाह
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच जब दुबई में 23 फरवरी को चैंपियंस ट्रॉफी का महामुकाबला खेला जायेगा तो सबसे ज्यादा ध्यान विराट कोहली पर टिका होगा। कोहली का बल्ला पाकिस्तान के खिलाफ जमकर बरसता है लेकिन उनका हालिया फॉर्म उनके साथ नहीं है। इसे देखते हुए विराट कोहली को महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने खास सलाह दी है।
पूर्व कप्तान गावस्कर ने विराट को अपने खेल में सुधार करने के लिए कहा है और बताया कि आखिर क्यों उन्हें बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत और पाकिस्तान के मैच से ठीक पहले सुनील गावस्कर ने कोहली की बड़ी कमजोरी पर बात की। पूर्व क्रिकेटर ने कहा, उनके (विराट) बल्ले का फेस खुला हुआ रहता है। ये ही परेशानी उन्हें आॅस्ट्रेलिया में तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी हो रही थी।
बल्ले का फेस खुला रहने के दौरान कोहली कवर में खेलने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें परेशानी हो रही है। उन्हें इस पर ध्यान देने की जरूरत है। बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में विराट कोहली फ्लॉप रहे थे। वो स्पिनर रिशाद हुसैन की गेंद पर आउट होकर चलते बने थे। उन्होंने रिशाद की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर शॉट खेला था जिसे सौम्य सरकार ने लपक लिया था।
22 रन पर कोहली की पारी का अंत हो गया था। विराट के इस तरह आउट होने पर गावस्कर ने कहा, रिशाद की उस गेंद ने टर्न लिया था और उस पर भी विराट के बैट का मुंह खुला हुआ था। सुनील गावस्कर ने विराट को इसे लेकर सख्ती बरतने और लगाम कसने को कहा है। पूर्व क्रिकेटर ने इस मामले पर चिंता जाहिर करते हुए कहा, उनका बार-बार एक ही तरह की बॉलिंग पर आउट होना चिंताजनक है।