इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें एडिशन के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को कप्तान नियुक्त् किया है। पंत चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह लेंगे जो कंधे में चोट के कारण इस टी20 लीग से बाहर हो गए हैं। श्रेयस का बायां कंधा इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज के पहले वनडे में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गया था। बतौर कप्तान पंत पहली बार आईपीएल में उतरेंगे। 23 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज पंत ने इससे पहले घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की कप्तानी की है। पंत साल 2017 में सैयद मुश्ताक अली ट्रोफी में दिल्ली के कप्तान थे।
दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को पंत को कप्तान बनाए जाने की घोषणा अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर की। दिल्ली कैपिटल्स ने लिखा, ऋषभ पंत आईपीएल 2021 में हमारे कप्तान होंगे। पंत का हाल का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट, टी20 और वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है।