अश्विन को पीछे छोड़कर बुमराह बने टेस्ट रैंकिंग के नये बादशाह, जायसवाल-कोहली ने भी लगायी छलांग
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बुधवार को दुनिया के शीर्ष तेज गेंदबाज बन गये। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ दिया। दिग्गज गेंदबाज ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज में अपने सनसनीखेज प्रदर्शन के दम पर आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया।
वहीं, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को भी टेस्ट रैंकिंग में फायदा हुआ है। भारत और बांग्लादेश के बीच खेली गयी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में तेज गेंदबाज ने 11 विकेट चटकाये थे। अब उन्हें इसका फायदा मिला है। एक स्थान की छलांग लगाकर वह शीर्ष पर पहुंच गये। अब उनके 870 प्वॉइंट्स हो गये हैं।
वहीं, अश्विन दूसरे पायदान पर खिसक गए। उनके खाते में 869 अंक हैं। यह दूसरा मौका है जब बुमराह टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे हैं। इससे पहले इसी साल फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बाद तेज गेंदबाज ने पहला स्थान हासिल किया था। तब उन्हें तीन स्थानों का फायदा हुआ था। वह शीर्ष टेस्ट गेंदबाज बनने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गये थे।
उनसे पहले पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव टेस्ट गेंदबाजों में सर्वोच्च रैंकिंग हासिल करने वाले इकलौते भारतीय गेंदबाज थे। वह दिसंबर, 1979 से फरवरी, 1980 के बीच दूसरे स्थान पर रहे थे। चेन्नई टेस्ट में छह और 17 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटने के बाद कोहली आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष 10 से बाहर हो गये थे।
हालांकि, कानपुर टेस्ट में वापसी करते हुए उन्होंने 47 और 29* रनों की पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभायी। इसी के साथ वह आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में छह स्थानों के फायदे के साथ छठे पायदान पर पहुंच गये हैं। अब उनके 724 अंक मिल गए हैं। वहीं, पंत को तीन स्थानों का नुकसान हुआ है। वह नौवें पायदान पर पहुंच गये।