Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

आयरलैंड के खिलाफ किंग नहीं हैं कोहली

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
आयरलैंड के खिलाफ किंग नहीं हैं कोहली
विज्ञापन

कोहली नहीं हैं इस टीम के खिलाफ किंग, बहुत खराब है विराट का रिकॉर्ड, 6 साल बाद खेलेंगे पहला मैच

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। विराट कोहली के नाम टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है। कोहली के नाम ही टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है। इसके बावजूद कोहली का रिकॉर्ड इस टीम के खिलाफ अच्छा नहीं है और वर्ल्ड कप में भारत का इस टीम से मुकाबला होना है। 

पिछले 11 साल से आईसीसी खिताब का इंतजार कर रही टीम इंडिया क्या इस बार सफल होगी? वेस्टइंडीज और अमेरिका में 2 जून से शुरू हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया के पास एक और मौका आया है। स्टार खिलाड़ियों से भरी टीम इंडिया इस बार सफलता का स्वाद चखना चाहेगी और इसके लिए उसने अमेरिका पहुंचकर जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी हैं। 

टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली अभी टीम के साथ नहीं जुड़े हैं। उनसे हमेशा की तरह इस बार भी काफी उम्मीदें रहेंगी, लेकिन खुद विराट को भी एक ऐसी टीम के खिलाफ कमाल करना होगा जिसके खिलाफ उन्होंने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं और जो खेले भी उसमें बल्ला खामोश ही रहा। इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 5 जून को पहले ग्रुप मैच के साथ करेगी। 

ग्रुप-ए में मौजूद टीम इंडिया का सामना आयरलैंड से होगा। ये मुकाबला न्यूयॉर्क में खेला जायेगा। वैसे तो टीम इंडिया के ग्रुप में सबसे ज्यादा नजरें सिर्फ भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर ही हैं, जो टूर्नामेंट का सबसे हाई-प्रोफाइल मुकाबला होने वाला है लेकिन ग्रुप में भारत के लिए दूसरी चुनौती आयरलैंड ही पेश करेगा। इसलिए टीम इंडिया को सतर्क रहना होगा। 

आयरलैंड के खिलाफ खराब रिकॉर्ड 

वैसे तो भारत और आयरलैंड की टक्कर में पलड़ा टीम इंडिया का ही भारी है, फिर भी रोहित शर्मा की टीम को पूरा दम लगाना ही पड़ेगा। ये मुकाबला खासतौर पर विराट कोहली के लिए अहम होगा, जो पूरे 6 साल बाद आयरलैंड के खिलाफ कोई मुकाबला खेलने उतरेंगे। कोहली ने इससे पहले 2018 में आयरलैंड दौरे पर 2 टी-20 मैच खेले थे। 

हैरत की बात ये है कि कोहली इन दोनों ही मुकाबलों में बुरी तरह फेल हुए थे। उनके बल्ले से दोनों मैचों में मिलाकर 10 गेंदों में सिर्फ 9 रन ही आये थे। इससे कम रन कोहली ने सिर्फ स्कॉटलैंड (नाबाद 2) के खिलाफ बनाये हैं।

वर्ल्ड कप में बनाये खूब रन

वैसे कोहली जिस तरह की फॉर्म में हैं, उसे देखकर तो लगता है कि वो आयरलैंड के खिलाफ अपने इस रिकॉर्ड में जबरदस्त सुधार कर सकते हैं। कोहली ने हाल ही में आईपीएल 2024 में सबसे ज्यादा 741 रन बनाए थे। इतना ही नहीं, टी-20 वर्ल्ड कप में हमेशा से ही कोहली का बल्ला आग उगलता रहा है। पिछले वर्ल्ड कप में भी कोहली ने सबसे ज्यादा 296 रन बनाये थे। कोहली के नाम टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 1141 रनों का रिकॉर्ड है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 38,517