- गौतम गंभीर का टीम इंडिया का हेड कोच बनना तय
- BCCI से डील डन? जल्द ही हो सकता है ऐलान
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया का हेड कोच बनने की रेस में गौतम गंभीर का नाम सबसे आगे है। गंभीर को यह जिम्मेदारी मिलना लगभग तय है। एक रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि गंभीर और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के बीच डील डन हो चुकी है। जल्द ही औपचारिक रूप से इसकी घोषणा की जा सकती है।
हेड कोच के पद के लिए आवेदन करने की समयसीमा सोमवार (27 मई) को समाप्त हो गई। राहुल द्रविड़ का कार्यकाल टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद खत्म हो जाएगा। केकेआर ने आईपीएल 2024 चैंपियन बनाकर 10 साल का खिताबी सूखा समाप्त किया। केकेआर के तीसरी ट्रॉफी जीतने के बाद गंभीर और बीसीसीआई सचिव जय शाह के बीच लंबी बातचीत हुई थी।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर भारतीय टीम के हेड कोच बनने के बड़े दावेदार हैं। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों के बेहद करीब एक एक आईपीएल फ्रेंचाइजी के मालिक ने बताया कि गंभीर की डील पक्की हो चुकी है। अभी तक घोषणा इसलिए नहीं हुई क्योंकि दोनों पक्षों के बीच कुछ चीजों को लेकर बातचीत चल रही है।
गंभीर टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वर्ल्ड कप 2011 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। उनकी कप्तानी में केकेआर ने 2012 और 2014 में खिताब जीता था। हाल ही में बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि आवेदन की समयसीमा खत्म हो गई है। यह ठीक है लेकिन बोर्ड फैसला लेने से पहले कुछ और समय ले सकता है।
इस समय टीम टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी में व्यस्त है। इसके बाद श्रीलंका और जिम्बाब्वे के दौरे पर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा और एनसीए से कोई सीनियर कोच टीम के साथ जा सकता है। ऐसे में जल्दी क्या है। नये हेड कोच का कार्यकाल साढ़े तीन साल का होगा, जो एक जुलाई 2024 से शुरू होगा।