कभी संन्यास के बारे में सोच रहे थे रोहन बोपन्ना
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना के लिए 27 जनवरी 2024 का दिन बेहद खास साबित हुआ। अनुभवी खिलाड़ी ने रॉड लेवर एरिना में सिमोन बोलेली और एंड्रिया ववासोरी की इतालवी जोड़ी को 7-6 (7-0), 7-5 से हराकर मैथ्यू एबडेन के साथ आस्ट्रेलियन ओपन 2024 पुरुष युगल खिताब जीता।
बोपन्ना को अपना पहला आस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। 43 वर्षीय खिलाड़ी एक समय पर इस हद तक हतोत्साहित हो गए थे कि उन्होंने प्रदर्शन की कमी के कारण खेल छोड़ने पर मन बना लिया था। बोपन्ना ने उस भावुक पल को याद किया जब उन्होंने अपनी पत्नी सुप्रिया अन्नैया से कहा था कि वह अब टेनिस खेलना जारी नहीं रखना चाहते।
शनिवार को बोपन्ना को ओपन युग में ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति बनते देखने के लिए उनकी पत्नी और उनकी बेटी त्रिधा स्टेडियम में मौजूद थीं। मैच के बाद बोपन्ना ने कहा यह सबसे बड़ी उपलब्धि है और इसमें कोई सवाल नहीं है।
दो साल पहले, मैंने उसे (पत्नी सुप्रिया) एक वीडियो भेजा था, जिसमें कहा था कि मैं टेनिस बंद करना चाहता हूं, क्योंकि मैं वास्तव में मैच नहीं जीत रहा हूं। अब आज, नंबर एक स्थान पर रहते हुए, जीत हासिल करना, यह जादुई है। देश से इतना अद्भुत समर्थन मिल रहा है।