भारतीय महिला टीम ने आस्ट्रेलिया को टेस्ट मैच की पहली पारी में 219 पर समेटा
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पूजा वस्त्रकर चार विकेट और स्नेह राणा तीन विकेट की बदौलत भारतीय महिला टीम ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में आस्ट्रेलिया को 219 रनोंं पर समेट दिया है।
आज यहां आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर की छठी गेंद पर उनकी सलामी बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड शून्य पर रनआउट होकर पवेलियन लौट गयी।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी एलिस पेरी चार रन अगले ही ओवर में वस्त्रकर का पहला शिकार बनी। बेथ मूनी ने तालिया मैक्ग्रा के साथ पारी को संभाला। 22वें ओवर में राणा ने मैक्ग्रा 50 रन को राजेश्वरी के हाथों कैच आउट करा कर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद 29वें ओवर में वस्त्रकर ने बेथ मूनी 40 को राणा के हाथों कैच आउट करा दिया। 46वें ओवर में कप्तान अलिसा हीली 38 रन को दीप्ति ने बोल्ड कर दिया। ऐनाबेल सदरलैंड 16 रन, एश्ली गार्डनर 11रन, जेस जॉनासन 19 रन, अलाना किंग पांच रन, लॉरेन चीटल छह रन बनाये। किम गार्थ 28 रन पर नाबाद रही।