Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 48
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
खेल समाचार

बिना गेंद फेंके ही मैथ्यूज आउट, जानें कैसे...

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
बिना गेंद फेंके ही मैथ्यूज आउट, जानें कैसे...
विज्ञापन
  • बांग्लादेश-श्रीलंका मैच में यह क्या हुआ! अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार इस तरह से गिरा विकेट

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। वनडे विश्व कप 2023 के 38वें मुकाबले में कुछ ऐसा हुआ, जिसे देखकर कोई भी यकीन नहीं कर पाया। श्रीलंकाई बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर आए, लेकिन अंपायर ने उन्हें वापस जाने के लिए कह दिया। 

अंपायरों ने कहा कि मैथ्यूज आउट हो चुके हैं। अंपायर और मैथ्यूज के बीच काफी देर तक बहस होती रही, लेकिन अंत में उन्हें वापस जाना पड़ा। मैथ्यूज टाइम आउट हो गए। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह पहला मौका था, जब कोई बल्लेबाज टाइम आउट हुआ।

क्या है मामला

बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर श्रीलंका को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। पारी के 24वें ओवर की दूसरी गेंद पर सदीरा समरविक्रमा कैच आउट हुए। इसके बाद एंजेलो मैथ्यूज को बल्लेबाजी के लिए आना था। 

वह मैदान में आये, लेकिन उनके हेलमेट की पट्टी सही नहीं थी। ऐसे में वह सही हेलमेट का इंतजार करते रहे और जब सही हेलमेट आया तो वह गेंद खेलने के लिए तैयार हुए। तब तक बांग्लादेश की टीम उनके खिलाफ टाइम आउट की अपील कर चुकी थी और अंपायरों ने उन्हें वापस जाने को कह दिया।

मैथ्यूज यह सुनकर हैरान रह गये। उन्होंने अंपायरों से वजह पूछी तो उन्हें पता चला कि क्रीज में आने में उन्हें काफी देरी हो गई और वह टाइम आउट हो चुके हैं। इसके बाद मैथ्यूज और अंपायरों के बीच काफी बहस हुई। 

मैथ्यूज ने विपक्षी टीम के कप्तान शाकिब अल हसन से भी बात की, लेकिन शाकिब भी अपनी अपील वापस लेने के लिए तैयार नहीं हुए। ऐसे में मैथ्यूज को बिना कोई गेंद खेले ही पवेलियन जाना पड़ा। धनंजय डिसिल्वा बल्लेबाजी के लिए आए तो श्रीलंकाई पारी आगे बढ़ी।

मैथ्यूज गुस्से में मैदान से बाहर चले गये। उन्होंने अपना हेलमेट और बैट फेंक दिया। कमेंटेटर वकार यूनिस ने भी इसे खेल भावना के विपरीत बताया। इस पूरी घटना पर आगे भी बवाल होना तय है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह पहला मौका था, जब कोई बल्लेबाज टाइम आउट हुआ। इससे पहले सिर्फ छह बल्लेबाज टाइम आउट हुए हैं। सभी प्रथम श्रेणी क्रिकेट में आउट हुए थे।

क्या कहता है नियम

क्रिकेट के नियम बनाने वाले मिरिलिबोन क्रिकेट क्लब के अनुसार विकेट गिरने या बल्लेबाज के रिटायर होने के बाद, आने वाले बल्लेबाज को तीन मिनट के अंदर गेंद खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। 

यदि ऐसा नहीं होता है तो आने वाला बल्लेबाज टाइम आउट हो जायेगा। वहीं, वनडे विश्व कप 2023 के नियम के अनुसार विकेट गिरने के बाद नये बल्लेबाज को दो मिनट के अंदर गेंद खेलनी होती है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी इसी तरह से आउट हो गये थे। हालांकि, तब दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ ने अपनी अपील वापस ले ली थी और गांगुली आगे भी खेलते रहे थे। इस मैच में शाकिब अल हसन ने अपील वापस नहीं ली और मैथ्यूज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टाइम आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने।

विज्ञापन