Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

मिशन वर्ल्ड कप : पाकिस्तान को सात विकेट से रौंद भारत ने हासिल की लगातार तीसरी जीत

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
मिशन वर्ल्ड कप : पाकिस्तान को सात विकेट से रौंद भारत ने हासिल की लगातार तीसरी जीत
विज्ञापन
  • भारत की विश्व कप में पाकिस्तान पर लगातार आठवीं जीत, सात विकेट से हराया; रोहित-अय्यर का अर्धशतक

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम 42.5 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 30.3 ओवर में तीन विकेट पर 192 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपने जीत का क्रम जारी रखा। उसकी यह आठवीं जीत है। अब तब भारत उसके खिलाफ इस टूर्नामेंट में नहीं हारा है।

छोटी पारी के दौरान में दिखे शुभमन गिल

पाकिस्तान से मिले 192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। डेंगू से ठीक होकर लौटने वाले शुभमन गिल 11 गेंद पर 16 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। शाहीन अफरीदी ने शादाब खान के हाथों उन्हें कैच कराया। शुभमन लय में नजर आए और यह आगे के मैचों के लिए टीम इंडिया के नजरिये से अच्छी खबर है। उनके आउट होने के बाद विराट कोहली क्रीज पर आये। कोहली ने रोहित के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की। 

कोहली नहीं खेल पाये बड़ी पारी

पाकिस्तान के खिलाफ आमतौर पर बड़ी पारी खेलने वाले विराट इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर सके। वह क्रीज पर टिकने के बाद आउट हो गये। कोहली ने 18 गेंद पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाये। हसन अली की गेंद पर मोहम्मद नवाज को कैच थमा बैठे। उनके बाद श्रेयस अय्यर क्रीज पर आये। श्रेयस ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की। 

रोहित ने की छक्कों की बारिश

रोहित शर्मा लगातार दूसरे मैच में शतक लगाने से चूक गये। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 131 रन की पारी खेली थी। इस मैच में भी उनके पास शतक लगाने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके। रोहित 63 गेंद पर 86 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और छह छक्के लगाये। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 136.51 का रहा। रोहित ने अपनी पारी के दौरान वनडे में 300 छक्के भी पूरे किये। वह पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी और वेस्टइंडीज के पूर्व ओपनर क्रिस गेल के बाद ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने।

श्रेयस ने लगाया विजयी चौका

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने केएल राहुल के साथ मिलकर मैच को समाप्त किया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 36 रन की साझेदारी की। अय्यर ने चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और मैच को समाप्त किया। वह 62 गेंद पर 53 रन बनाकर नाबाद रहे। अय्यर ने तीन चौके और दो छक्के लगाये। केएल राहुल 29 गेंद पर 19 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से दो चौके निकले।

पाकिस्तान के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके

इससे पहले पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। पिछले मैच में शतक लगाने वाले मोहम्मद रिजवान इस बार अर्धशतक से चूक गये। वह 49 रन पर पवेलियन लौट गये। इमाम उल हक ने 36, अब्दुल्ला शफीक ने 20 और हसन अली ने 12 रन बनाये। इनके अलावा छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। सऊद शकील छह, मोहम्मद नवाज चार, इफ्तिखार अहमद चार, शादाख खान दो और हारिस रऊफ दो रन बनाकर आउट हो गये।

टीम इंडिया के लिए पांच गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लिये। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिये। गेंदबाजी करने वालों में सिर्फ शार्दुल ठाकुर ही ऐसे रहे जिन्हें एक भी सफलता नहीं मिली। बुमराह को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 32,270