भारत पर उम्मीदों के सैलाब से निपटने की चुनौती, ऐसी हो सकती है प्लेइंग 11
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में लगातार आठवीं जीत के लिए शनिवार को रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम यहां नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर उतरेगी तो उसके कंधों पर मैदान पर मौजूद करीब एक लाख दर्शकों के साथ ही टीवी और मोबाइल स्क्रीन से चिपके करोड़ों प्रशंसकों की उम्मीदों को बोझ भी होगा।
महा मुकाबले के चश्मदीद गवाह बनने के लिए क्रिकेट के दीवाने अहमदाबाद के होटल, रेस्तरां, गेस्ट हाउसों में जम चुके हैं। एक दिवसीय मुकाबलों की बात की जाये तो पाकिस्तान के पक्ष में भारत की तुलना में ज्यादा जीत आई हैं मगर विश्व कप में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ अब तक हार का ही सामना करना पड़ा है।
बड़े टूर्नामेंट में होने वाले दवाब में पाकिस्तान की टीम अब तक बिखरी नजर आई है। भारत और पाकिस्तान ने मौजूदा विश्व कप में अब तक दो-दो मैचों में जीत हासिल की है जिससे दोनो टीमो का हौसला बुलंद है मगर रोहित और बाबर की सेना को अपने अपने देशों के करोड़ों प्रशंसकों की उम्मीदों के दवाब से निपटना होगा।
भारत की ताकत उसकी मजबूत बल्लेबाजी से आंकी जाती रही है मगर हाल के वर्षो में भारतीयों ने गेंदबाजी में भी खासा सुधार किया है जबकि पाकिस्तान के स्टार गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी मौजूदा विश्व कप में अब तक कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं। वहीं नसीम शाह के चोटिल होने से भी मेहमान टीम की गेंदबाजी का धार भी कुंद हुई है।
उधर मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह की स्विंग के अलावा कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा की फिरकी पाकिस्तान बल्लेबाजी की दिशा और दशा बिगाड़ सकती है। वहीं रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में तूफानी शतक ठोक कर अपनी शानदार फार्म का मुजाहिरा कर दिया है।
कल के मुकाबले में क्रिकेट प्रेमी शाहीन शाह अफरीदी और विराट कोहली के बीच रोमांचक जंग देखने को आतुर होंगे। कोहली ने हाल ही में खेले गए एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।
विश्व कप 2023 के पहले मैच में उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 85 और अफगानिस्तान के खिलाफ 55 नाबाद रन बनाये थे। इशान किशन कप्तान के साथ पारी की शुरूआत कर सकते हैं, जबकि के एल राहुल और शार्दुल ठाकुर को बीच के ओवरों में रन गति को बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
संभावित प्लेइंग 11
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन/शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज
पाकिस्तान : अब्दुल्ला शफीक, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, हसन अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ