ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हुए भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के शिविर में शामिल हो गए हैं, जो वर्तमान में मुंबई में चल रहा है। टीम अगले महीने शुरू हो रहे आईपीएल 2021 सत्र के लिए प्रशिक्षण और तैयारियां कर रही हैं। अंगूठे की चोट से उम्मीद से पहले उबरे जडेजा लंबे क्रिकेट ब्रेक के बाद वापसी कर रहे हैं। भारत के इस हरफनमौला खिलाड़ी को जनवरी 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में बाएं अंगूठे में गंभीर फ्रैक्चर का सामना करना पड़ा था और इसके बाद से वह क्रिकेट नहीं खेल पाए थे। इसके चलते उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पूरी श्रृंखला से बाहर होना पड़ा। यहां तक कि आईपीएल में उनकी उपलब्धता पर भी संदेह बन गया था, लेकिन जडेजा उम्मीद से पहले चाेट से उबर कर सीएसके के साथ जुड़ने के लिए मुंबई पहुंच गए हैं। फिलहाल जडेजा दक्षिण मुंबई के एक होटल में सात दिन के अनिवार्य क्वारंटीन में हैं, जिसके बाद वह टीम के साथ प्रशिक्षण में भाग लेंगे। जडेजा ने हाल ही में बेंगलुरु की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अपना प्रशिक्षण शुरू किया और यही से वह मुंबई के लिए रवाना हुए।