हांगझोऊ में शी जिनपिंग ने की एशियाड के आगाज की घोषणा
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चीन के हांगझोई में एशियाई खेलों का उद्घाटन शनिवार (23 सितंबर) को हुआ। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खेलों के आधिकारिक शुरुआत की घोषणा की। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने ध्वजवाहक की भूमिका निभायी।
दोनों ने परेड में भारतीय दल की अगुआई की। उद्घाटन समारोह से पहले ही कई प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी थीं।समारोह में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भाग लिया। उनकी मौजूदगी में चीन के इतिहास और उसकी उपलब्धियों को दिखाया गया।
शानदार लेजर शो ने लोगों का मन मोह लिया। खिलाड़ियों की परेड में सबसे पहले अफगानिस्तान के एथलीट आए। भारतीय टीम जब आई तो स्टेडियम गूंज उठा। दर्शकों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने एक्स (ट्विटर के नाम से प्रसिद्ध) पर लिखा- एशियाई खेल शुरू हो रहे हैं। मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। खेलों के प्रति भारत का जुनून और प्रतिबद्धता चमकती है क्योंकि हम एशियाई खेलों में अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेज रहे हैं। आशा है कि हमारे खिलाड़ी अच्छा खेलें और प्रदर्शन करके दिखाएं कि सच्ची खेल भावना क्या है।