यूएस ओपन फाइनल में मेदवेदेव को दी शिकस्त
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। नोवाक जोकोविच ने यूएस ओपन 2023 का खिताब अपने नाम कर लिया है। न्यूयॉर्क में खेले गए फाइनल में जोकोविच ने डेनियल मेदवेदेव को हराकर 24वां ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीता।
कड़े मुकाबले में सर्बिया के 36 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी ने 6-3, 7-6 (7-5), 6-3 से जीत हासिल की। जोकोविच ने पहला सेट 6-3 से आसानी से जीता। इसके बाद दूसरे सेट में जोकोविच और मेदवेदेव के बीच जमकर संघर्ष हुआ, जो एक घंटे और 44 मिनट तक चला। जोकोविच ने 7-6 (7-5) से यह सेट अपने नाम किया। तीसरे सेट में जोकोविच ने 6-3 से जीत दर्ज कर मेदवेदेव को पटखनी दी।
फिर से नंबर वन बन जायेंगे जोकोविच
जोकोविच ने पिछली बार 2018 में यूएस ओपन टाइटल जीता था। इस टूर्नामेंट के बाद जोकोविच फिर से वर्ल्ड नंबर वन बन जायेंगे। जोकोविच तीसरी बार एक ही साल में सभी चार मेजर टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे।