- भारत-पाकिस्तान मैच में होगी बारिश या पूरा खेल देख सकेंगे फैंस? देखें कोलंबो के मौसम का हाल
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच आज कोलंबो को आर प्रेमदासा स्टेडियम में एशिया कप के सुपर फोर राउंड का महामुकाबला खेला जायेगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू होगा। हालांकि, इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
जब पिछली बार ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें भिड़ी थीं, तब भी बारिश की वजह से मैच धुल गया था। उस मैच में भारत ने तो बल्लेबाजी की थी, लेकिन पाकिस्तान की पारी शुरू नहीं हो सकी थी। अब जब दूसरी बार दोनों टीमें आमने-सामने होंगी तो फैंस पूरे मैच की उम्मीद कर रहे होंगे।
हालांकि, वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, आज भी ऐसा होना मुश्किल दिख रहा है। कोलंबो में रविवार को भारी बारिश की संभावना है। अगर आज मैच नहीं होता है तो इसके लिए सोमवार को भी रिजर्व-डे रखा गया है। जहां तक रविवार को मैच हो पायेगा, अगले दिन वहीं से उस मैच की शुरुआत होगी।
कोलंबो के मौसम की बात करें तो एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को वहां भारतीय समयानुसार दो बजे 49 प्रतिशत बारिश की संभावना है। वहीं, भारतीय समयानुसार तीन बजे बारिश की संभावनाएं बढ़कर 66 प्रतिशत हो जायेंगी। उसी वक्त मैच भी शुरू होना है। पूरे मैच के दौरान कोलंबो में 49 से 69 प्रतिशत बारिश की संभावना है।
ऐसे में भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले मैच की तरह यह मैच भी बारिश से प्रभावित रहने की संभावना है। शनिवार को यहीं पर श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला भी खेला गया था। हालांकि, उस मैच में बारिश नहीं हुई, लेकिन रविवार को ऐसा नहीं कहा जा सकता, क्योंकि वेदर फॉरकास्ट परेशानी का सबब है।