Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

बल्लेबाजों के लगातार खराब प्रदर्शन से निराश हैं कप्तान हार्दिक पांड्या

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
बल्लेबाजों के लगातार खराब प्रदर्शन से निराश हैं कप्तान हार्दिक पांड्या
विज्ञापन

दूसरे टी-20 की हार के बाद कप्तान पांड्या हैं नाराज 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के कप्तान हार्दिक पांड्या ने दूसरे टी-20 में वेस्ट इंडीज के हाथों मिली दो विकेट की करीबी हार के बाद खराब बल्लेबाजी की समस्या को स्वीकार किया। प्रोविडेंस स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत 20 ओवर में 152 रन ही बना सका। 

मेहमान टीम की ओर से तिलक वर्मा (41 गेंद, 51 रन) ने अर्द्धशतक जड़ा। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर सका। वेस्ट इंडीज ने 153 रन का लक्ष्य सात गेंद शेष रहते हुए आसानी से हासिल कर लिया। पांड्या ने मैच के बाद कहा- हमारा बल्लेबाजी प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा। विकेट लगातार गिरते रहे और पिच भी धीमी थी। हमने इतनी अच्छी बल्लेबाजी नहीं की कि 160 रन से ज्यादा बना सकें। 

पांड्या ने कहा कि वह (तिलक वर्मा) जिस तरह बल्लेबाजी कर रहा है, उस पर हम ध्यान दे रहे हैं। नंबर चार पर एक बायें हाथ के बल्लेबाज के होने से हमें दायें और बायें का संयोजन मिल जाता है। हमारे युवा खिलाड़ी आत्मविश्वास और निर्भयता के साथ आ रहे हैं। 

भारत ने 152 रन का बचाव करते हुए पहले ओवर में वेस्ट इंडीज के दो विकेट गिरा भी दिये, लेकिन निकोलस पूरन ने 40 गेंद पर 67 रन की आतिशी पारी खेलकर वेस्ट इंडीज को जीत के करीब पहुंचा दिया। मेजबान टीम को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले कुछ झटके लगे लेकिन वह दो विकेट की जीत हासिल करने में सफल रही। 

पांड्या ने पूरन की बल्लेबाजी पर कहा- वह (पूरन) जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं उससे स्पिनरों को लगाना मुश्किल हो जाता है। दो रन पर दो विकेट गिरने के बाद उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी की वह कमाल था। इस बीच, तिलक ने भी भारतीय टीम का स्कोर कम होने पर पांड्या की बात से सहमति जाहिर की, हालांकि उन्होंने धीमे विकेट पर बल्लेबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। 

तिलक ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, विकेट धीमा था। हमने सोचा कि 150-160 एक अच्छा स्कोर होगा। हो सकता है कि हम 10 रन पीछे रह गये, लेकिन यह एक अच्छा प्रदर्शन था (हमारे बल्लेबाजों द्वारा)। उन्होंने कहा कि पूरन ने जिस तरह बल्लेबाजी की उसके लिये उनको श्रेय जाता है। 

उन्होंने गेंदबाजों पर दबाव डाला। हम जानते थे कि अगर हम एक विकेट हासिल कर सकते हैं, तो हम मैच बचा सकते हैं क्योंकि विकेट धीमा था। ऐसा नहीं था बल्लेबाजी करना आसान है। यह एक गेंदबाज की पिच थी। दुर्भाग्य से, यह इतना मजेदार खेल है कि यह कभी भी पलट सकता है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 37,676