Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

मनोज तिवारी ने क्रिकेट को कहा बाय-बाय

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
मनोज तिवारी ने क्रिकेट को कहा बाय-बाय
विज्ञापन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पश्चिम बंगाल के अनुभवी बल्लेबाज मनोज तिवारी ने गुरुवार को क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। तिवारी ने सोशल मीडिया पर साझा किये गये संदेश में लिखा- क्रिकेट के खेल को अलविदा...। 

इस खेल ने मुझे सब कुछ दिया है। वे सब जिसका मैंने सपना भी नहीं देखा था, उस समय से जब मेरे जीवन में कई तरह की कठिनाइयां थीं। हमेशा इस खेल का और परमेश्वर का शुक्रगुजार रहूंगा, जो हमेशा मेरे साथ रहे। 

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में जन्मे तिवारी ने रणजी ट्रॉफी के 2006-07 सीजन में 99.50 की औसत से 796 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। चोट के कारण उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। 

तिवारी ने तीन फरवरी 2008 को आस्ट्रेलिया के विरुद्ध ब्रिसबेन वनडे में अंतत: भारतीय जर्सी पहनी। मनोज ने भारत के लिए 12 एकदिवसीय मैचों में 287 रन बनाये जहां उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन रहा। टी-20 प्रारूप में वह सिर्फ तीन बार ही भारत का प्रतिनिधित्व कर सके। 

पश्चिम बंगाल के पूर्व कप्तान तिवारी ने अपना प्रथम श्रेणी करियर 2004 में ईडन गार्डन में शुरू करने के बाद 2023 में कोलकाता के उसी मैदान पर समाप्त किया। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका आखिरी मैच सौराष्ट्र के विरुद्ध खेला गया रणजी ट्रॉफी फाइनल था, जहां दूसरी पारी में अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 

तिवारी ने कहा- मेरे बचपन से लेकर पिछले साल तक मेरे सभी कोचों को धन्यवाद, जिन्होंने मेरी क्रिकेट उपलब्धियों में भूमिका निभायी है। मनबेंद्र घोष, मेरे पिता समान कोच इस क्रिकेट यात्रा में स्तंभ की तरह रहे हैं। अगर वह नहीं होते तो मैं क्रिकेट जगत में कहीं भी नहीं पहुंच पाता। धन्यवाद सर और आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 39,259