- आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आयरलैंड के खिलाफ अगले महीने खेले जाने वाली 3 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। इतना ही नहीं, जसप्रीत बुमराह को टीम की कमान भी सौंपी गई है। जबकि ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया के युवा खिलाड़ी खेलते नजर आयेंगे। वहीं कई खिलाड़ी पहली बार टीम इंडिया के लिए खेलते नजर आयेंगे।
आईपीएल में अपनी खेल से सबका दिल जीतने वाले रिंकू सिंह को भी उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। वहीं जितेश शर्मा को भी आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
इसके अलावा चोट से उभर रहे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की भी टीम में वापसी हुई है। लंबे वक्त के बाद शिवम दुबे को भी टीम इंडिया में मौका मिला है।
सीनियर खिलाड़ियों को दिया गया आराम
आयरलैंड के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज का आगाज 18 अगस्त से होगा। दूसरा टी-20 20 अगस्त और तीसरा और आखिरी 23 अगस्त को खेला जायेगा।
एशिया कप को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने सभी सीनियर खिलाड़ियों को इस दौरे पर आराम दिया है। कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते नजर नहीं आयेंगे।