फाइनल में पहुंचा; पाकिस्तान से होगा खिताबी मुकाबला
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने बांग्लादेश को 51 रन से हरा दिया है और फाइनल में जगह बना ली है। मानव सूथर ने रिपोन मोंडल को आउट करने के साथ ही बांग्लादेश की पारी 160 रन पर समेट दी। मोंडल ने पांच रन बनाए। भारतीय कप्तान यश ढुल ने उनका कैच पकड़ा और टीम इंडिया की जीत पक्की की।
टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर में 211 रन बनाये थे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 66 रन कप्तान यश ढुल ने बनाये थे। बांग्लादेश के लिए महेद, तंजिम और रकिबुल ने दो-दो विकेट लिये।
212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। इसके बाद भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने विकेट निकालने शुरू किये और 90 रन बनाने में पूरी टीम आलआउट हो गयी। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 51 रन सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने बनाये। वहीं, भारत के लिए निशांत सिंधू ने पांच विकेट लिये। मानव सुथर को तीन विकेट मिले।
पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 60 रन से हराया था और इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी। अब भारत ने भी दूसरा सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल मैच 23 जुलाई को भारत और पाकिस्तान के बीच होगा।
भारतीय टीम इसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को आठ विकेट से हरा चुकी है। सेमीफाइनल मैच से ठीक पहले भारत ने पाकिस्तान को हराया था। ऐसे में टीम इंडिया चैंपियन बनने की प्रबल दावेदार है।